हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने का आरोप, बेगूसराय में FIR दर्ज

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में महिला से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी सूचना दी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
बातचीत के बहाने एक होटल में ले गए
पुलिस के अनुसार, घटना 27 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि वह स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से ऋण की राशि का तगादा करने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात विक्रम सहनी नामक युवक से हुई। शिकायत के मुताबिक, विक्रम ने महिला को बातचीत का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठाया और शहर के एक सिनेमाघर के पास ले गया। वहां रोहित कुमार नामक एक अन्य युवक मौजूद था। आरोप है कि दोनों महिला को बातचीत के बहाने एक होटल में ले गए।
चाकू का भय दिखाकर जबरन दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि होटल के कमरे में पहुंचने के बाद दरवाजा बंद कर दिया गया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान वीडियो बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया तथा कुछ व्हाट्सऐप ग्रुप में प्रसारित कर दिया गया। पीड़िता के अनुसार, वह किसी तरह होटल से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 28 सितंबर की देर शाम उसने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
BNS की विभिन्न धाराओं और IT Act के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में BNS की विभिन्न धाराओं और IT Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपों की जांच के साथ पुलिस साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।

Share This Article