News PR डेस्क: लोक आस्था के महापर्व छठ के संपन्न होते ही अब बिहार से दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग शनिवार देर शाम दानापुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं और वहां यात्री सुविधाओं से लेकर भीड़ प्रबंधन तक की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षित और सुगम रेल परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।दरअसल, छठ महापर्व के बाद रोजगार और कामकाज के सिलसिले में बिहार से दिल्ली, मुंबई, पंजाब समेत दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होता है। ऐसे में स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। इसे देखते हुए दानापुर रेल मंडल की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कॉमर्शियल कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आरपीएफ के जवानों को भी लगाया गया है। होल्डिंग एरिया से यात्रियों को उनकी निर्धारित ट्रेनों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए रेलवे कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की भीड़ में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होने पर ऑन डिमांड अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे का उद्देश्य है कि छठ के बाद घर लौटने और काम पर वापस जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
