पटना: राजधानी पटना में लोक आस्था के महापर्व छठ की भव्य छटा देखने को मिल रही है। पूरा शहर आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंग चुका है। गंगा के तटों से लेकर तालाबों, पोखरों और घरों की छतों तक छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं। इस महापर्व में धार्मिक आस्था के साथ प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर भी देखने को मिल रही है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं।चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने विधि-विधान के साथ खरना का अनुष्ठान संपन्न किया। कार्तिक शुक्ल पंचमी को व्रतियों ने स्नान-ध्यान कर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और दिनभर उपवास रखा। इसके बाद शाम को पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया गया। पूजा-अर्चना के बाद छठी मैया को प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया।
खरना के अवसर पर सुबह से ही पटना के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। दीघा घाट, कुर्जी घाट, राजापुर पुल, एनआईटी घाट और बांसघाट समेत कई प्रमुख घाटों पर व्रतियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा के लिए गंगाजल लेकर घर पहुंचे।आस्था की रोशनी से जगमगाए घाट और तालाबछठ महापर्व को लेकर पटना के विभिन्न घाटों और तालाबों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, घाट निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर जरूरी इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर रोशनी और सजावट के बीच छठ की रौनक देखते ही बन रही है।
फल बाजारों में देर रात तक रही चहल-पहलवहीं, छठ पूजा को लेकर पटना के बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। बोरिंग रोड, कदमकुआं, राजा बाजार, कंकड़बाग, सब्जीबाग, चिरैयाटांड़, मीठापुर और अंटा घाट समेत कई इलाकों में फल की दुकानों पर देर रात तक खरीदारों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने पूजा के लिए गन्ना, नारियल, केला, अमरूद, सेब, अनार, शरीफा और नाशपाती समेत विभिन्न फलों की खरीदारी की।रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। फिलहाल पूरी राजधानी छठी मैया की भक्ति में सराबोर है और हर तरफ आस्था, पवित्रता और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
