NEWS PR डेस्क : Bank Holiday News: बैंक कर्मचारियों के लिए हर शनिवार छुट्टी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक दावा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल दस्तावेज में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सरकारी बैंकों में प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है हालांकि, यह दावा फर्जी है।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। बाद में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) की ओर से मांगों पर भरोसा दिलाए जाने के बाद UFBU ने प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को टाल दिया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के नाम से एक कथित राजपत्र तेजी से वायरल होने लगा। इसमें दावा किया गया कि केंद्र सरकार ने सभी सरकारी बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का फैसला कर लिया है।
क्या है वायरल दावे की सच्चाई?
वायरल दस्तावेज को लेकर अब सरकारी फैक्ट चेक प्लेटफॉर्म PIB Fact Check ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। PIB Fact Check ने सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे इस दस्तावेज को फर्जी बताया है। PIB Fact Check के अनुसार, वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, जिसमें सरकारी बैंकों के लिए प्रत्येक शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की बात कही गई हो।
हर शनिवार बैंक बंद होने की खबर गलत
इससे स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा कथित सरकारी राजपत्र वास्तविक सरकारी आदेश नहीं है। केंद्र सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है, जिसके तहत भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सरकारी बैंकों में हर शनिवार को अवकाश घोषित किया गया हो। दरअसल ये कुछ शरारती तत्वों की चाल है, जो लोगों को गलत और भ्रामक जानकारी देने के उद्देश्य से की गई है।