NEWS PR डेस्क: पटना, 14 जून। पटना के चर्चित कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में एक नया और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उनका शव नेपाल के एक होटल से बरामद किया गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल के एक होटल में ठहरे हुए थे। देर रात उनकी मौत की सूचना सामने आई। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने होटल में मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच जारी है।
प्रिंस यादव का नाम हाल ही में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हुए विवाद से जुड़े मामले में दर्ज एफआईआर में भी शामिल था। आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ नेपाल चले गए थे और वहीं रह रहे थे।

दरअसल, खान ग्लोबल स्टडीज के प्रबंधन से जुड़े कन्हैया कुमार सिंह ने कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि 2 जून 2026 की रात को ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों ने कोचिंग परिसर में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। शिकायत में प्रिंस यादव समेत कई लोगों के नाम शामिल किए गए थे।
एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने कोचिंग के गार्ड को पीटकर घायल कर दिया था तथा संस्थान के बोर्ड, बैरिकेडिंग और खान सर के पोस्टर को नुकसान पहुंचाया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
वर्तमान में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद न्यायिक हिरासत में हैं और उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है। दूसरी ओर, विवाद से जुड़े मामले में खान सर के दो सुरक्षाकर्मी भी जेल में बंद हैं, जिनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज की जा चुकी है। वहीं अदालत ने फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।
