सीवान फायरिंग के खिलाफ आज तेजस्वी यादव का मार्च, राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के आरोपों को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज पटना की सड़कों पर विरोध मार्च निकालेंगे। यह मार्च सुबह 10 बजे जेपी गोलंबर से शुरू होकर लोक भवन तक जाएगा। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्च में RJD के विधायक, सांसद, MLC, पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा शामिल होंगे।

मार्च के समापन के बाद तेजस्वी यादव राज्यपाल सैयद अता हसनैन को ज्ञापन सौंपकर सीवान की घटना में कार्रवाई की मांग करेंगे। पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं से मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “मोदी जी, दाल-भात खाओ, यूथ का फ्यूचर मत खाओ।”
मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। डाकबंगला चौराहे पर लाठी और इंसास राइफल से लैस जवानों की तैनाती की गई है। जेपी गोलंबर से शुरू होने वाला मार्च बेली रोड के रास्ते लोक भवन पहुंचेगा।
AK-47 फायरिंग पर सरकार से जवाब मांग रहे तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीवान की घटना को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा कि AK-47 चलाने का अधिकार किसने दिया और छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया? छात्रों पर गोली चली। हम घायल छात्रों से मिलने भी गए थे।
तेजस्वी ने राज्यसभा में दिए गए एक जवाब का हवाला देते हुए कहा कि वहां गोली चलने से इनकार किया गया, जबकि बिहार सरकार के हलफनामे में गोली चलाए जाने की बात स्पष्ट है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना आदेश के AK-47 का इस्तेमाल कैसे हुआ।
DM-SP के तबादले से संतुष्ट नहीं RJD
सीवान के DM और SP के तबादले को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि RJD की मांग सिर्फ तबादले की नहीं, बल्कि अधिकारियों के निलंबन की है। उनका कहना है कि केवल अधिकारियों की अदला-बदली से मामले का समाधान नहीं होगा।

Share This Article