NEWS PR डेस्क : बिहार की सियासत में विधान परिषद चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। आठ विधान परिषद सीटों पर चुनाव की घोषणा के बाद नितिन नवीन का यह पहला पटना दौरा है। ऐसे में उनके दो दिवसीय बिहार प्रवास को संगठन और चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पटना प्रवास के दौरान नितिन नवीन बीजेपी और एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनावी तैयारियों, संभावित उम्मीदवारों, संगठन की सक्रियता और नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी की नजर चुनावी समीकरणों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर भी है। इसी सिलसिले में नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में संगठन की स्थिति और सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा सकता है।
वहीं, विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस सीट पर जेडीयू ने अपने मौजूदा नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से अनुज सिंह चुनाव मैदान में हैं। अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह के उतरने के बाद इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ी हैं।
अनंत सिंह लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और अनुज सिंह के समर्थन में मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट के चुनावी समीकरणों पर भी बीजेपी नेतृत्व की नजर रहने की संभावना है। नितिन नवीन के दौरे के दौरान बाकी सीटों की तैयारियों के साथ उम्मीदवारों और संगठन के बीच समन्वय, मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर आगे की रूपरेखा पर भी मंथन हो सकता है।