GMCH से नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दुष्कर्म के आरोप से मचा हड़कंप ,

Muskan Gupta

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां GMCH में मां का इलाज कराने आई नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, अस्पताल से बहला-फुसलाकर ले गया युवक,


बेतिया पश्चिम चंपारण के बेतिया GMCH से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मां का इलाज कराने अस्पताल पहुंची एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप अस्पताल में काम करने वाले एक युवक पर लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार कर लिया है।


परिजनों के अनुसार, नाबालिग एक अक्टूबर को अपने माता-पिता के साथ मां का इलाज कराने GMCH आई थी। चार अक्टूबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसके पिता दवा और खाना लाने अस्पताल से बाहर गए थे। लौटने पर बेटी डरी-सहमी और रोती हुई मिली। बाद में पूछताछ में उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।


आरोप है कि अस्पताल में पानी और इंसुलिन चढ़ाने का काम करने वाला युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अस्पताल से बाहर ले गया और GMCH के पीछे स्थित अपने किराए के मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर उसकी मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।


बेतिया सदर SDPO अजीत कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा रही है और मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


घटना के बाद GMCH की सुरक्षा व्यवस्था और, अस्पताल परिसर में सक्रिय बाहरी लोगों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से सक्रिय लोगों की पहचान कर निगरानी की मांग की है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article