बिहार रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन में लूट और यात्री की मौत के मामले में गिरफ्तारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर/: चलती ट्रेन में खुद को RPF जवान बताकर यात्रियों से अवैध वसूली करने और रुपये नहीं देने पर यात्री को ट्रेन से धक्का देने के मामले में दानापुर रेल पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोगी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के पीलूई निवासी रविरंजन सिंह (21) के रूप में हुई है। आरोप है कि वह मुख्य आरोपी रोहित तिवारी द्वारा यात्रियों के परिजनों से धमकी देकर मंगाई गई रकम अपने PhonePe खाते में प्राप्त करता था। पुलिस ने उसके पास से रुपये प्राप्त करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
RPF जवान बनकर यात्रियों से करता था वसूली
रेल एएसपी भास्कर रंजन ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि मामला बक्सर रेल थाना कांड संख्या 206/26 से जुड़ा है। हैदराबाद से स्पेशल ट्रेन संख्या 07091 से दानापुर आ रहे नीतीश कुमार से आरोपी रोहित तिवारी ने कथित तौर पर खुद को RPF जवान बताकर रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर उसने नीतीश के परिजनों को फोन कर रकम मांगी। इसी दौरान आरोप है कि रोहित ने नीतीश को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
परिजनों से पहले 5 हजार, फिर 12 हजार रुपये मंगाए
घटना के बाद भी मुख्य आरोपी द्वारा मृतक नीतीश कुमार के परिजनों से रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। परिजनों ने आरोपी के बताए PhonePe नंबर पर पहले 5 हजार रुपये भेजे। इसके बाद उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई, जिसके जवाब में परिजनों ने 12 हजार रुपये और भेज दिए।
राजस्थान से हो रहा था UPI खाते का इस्तेमाल
मामले में पुलिस मुख्य आरोपी रोहित तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस UPI आईडी पर रुपये मंगाए जा रहे थे, उसका इस्तेमाल राजस्थान से किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविरंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रेन में हुई मुलाकात, फिर शुरू हुआ पैसों का लेन-देन
पुलिस पूछताछ में रविरंजन ने बताया कि उसकी मुलाकात रोहित तिवारी से ट्रेन में हुई थी। रोहित ने खुद को RPF जवान बताया था। बाद में दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि रोहित ने रविरंजन को ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से अवैध वसूली की रकम उसके खाते में मंगाने का प्रस्ताव दिया, जिसके लिए वह तैयार हो गया। रविरंजन के अनुसार, उसके खाते में रुपये आने के बाद वह रोहित के कहने पर रकम दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर देता था।
दूसरे खाते के धारक की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब उस दूसरे बैंक खाते के धारक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, जिसमें वसूली की रकम भेजी जाती थी। रेल एएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित तिवारी पर चलती ट्रेन में दर्जनों यात्रियों से लूटपाट करने और कुछ यात्रियों को ट्रेन से धक्का देने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रविरंजन सिंह के खिलाफ मामले में स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई की जाएगी।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।।

Share This Article