NEWS PR डेस्क: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। CJP के प्रदर्शन के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
केजरीवाल और ममता बनर्जी को पुलिस ने लिया हिरासत में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, ममता बनर्जी को दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके से हिरासत में लिया गया। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन समेत पार्टी के अन्य नेता भी पुलिस की कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए। दोनों नेताओं की हिरासत ऐसे समय में हुई है, जब CJP मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

दिल्ली में सुरक्षा सख्त, कई जगह प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई
जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ाई गई। कनॉट प्लेस सहित राजधानी के कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरें हैं।इससे पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया गया था।
SIR और CEC के इस्तीफे पर बढ़ा विवाद
CJP ने SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। पुलिस ने अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कदम उठाए। घटनाक्रम के बाद दिल्ली में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के साथ चुनावी प्रक्रिया को लेकर बहस भी गहरा गई है।