जगदीशपुर थाने में सिटी एसपी का निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और रात्रि गश्ती पर जोर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, थानों की कार्यशैली में सुधार लाने और लंबित मामलों की समीक्षा करने के उद्देश्य से सिटी एसपी अतुलेश झा ने गुरुवार को जगदीशपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, मालखाना, हाजत, सिरिस्ता शाखा, महिला हेल्प डेस्क और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने हथियारों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रखरखाव की समीक्षा करते हुए सभी रजिस्टरों को अद्यतन रखने और पुलिस कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

लंबित कांडों के निष्पादन पर विशेष जोर
निरीक्षण के बाद सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि थानों का वार्षिक निरीक्षण पुलिस व्यवस्था की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके तहत थाने के रिकॉर्ड, लंबित कांडों की स्थिति, आम लोगों के साथ पुलिस के व्यवहार, क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था और वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि जगदीशपुर थाने में फिलहाल 70 से कम कांड लंबित हैं। पुलिस का प्रयास है कि लंबित मामलों की संख्या निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। इसके लिए माह के अंत तक लंबित कांडों की स्थिति को मानक के अनुरूप लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।

थानाध्यक्ष को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। दुर्गा पूजा को देखते हुए सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
इसके साथ ही रात्रि गश्ती तेज करने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और निगरानी लगातार जारी रहनी चाहिए।

फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश
सिटी एसपी ने थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारियों को थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतें विनम्रता और गंभीरता से सुनने तथा उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया।
अवैध शराब और नशे के कारोबार पर होगी कार्रवाई
‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत सिटी एसपी ने अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया।वार्षिक निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह समेत थाने के सभी सहायक अवर निरीक्षक, अवर निरीक्षक और पुलिस जवान मौजूद रहे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article