मां दुर्गा की डोली यात्रा को लेकर चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
पूजा पंडालों से लेकर चौक-चौराहों तक तैनात रहे पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारी,
बगहा शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा की डोली यात्रा और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बगहा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सुबह से ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थलों पर मुस्तैद रहे। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इस दौरान नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और बगहा-1 के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों और मुख्य सड़कों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-727 सहित प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट;-