सासाराम-बिहार के रोहतास जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में फरार चल रहे एक युवक ने पुलिस के डर से आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना शिवसागर थाना क्षेत्र के अगरेर बाजार की है, जहां रविवार को पुलिस जब नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में आरोपी युवक अंकित कुमार को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने घबराकर धारदार वस्तु से अपनी कलाई काट ली और बड़ी मात्रा में दवाइयां भी निगल लीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दोनों घर से भागकर दिल्ली चले गए
जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय अंकित कुमार नोखा थाना क्षेत्र के मेयारी बाजार का निवासी है, जबकि उसकी प्रेमिका झारखंड की रहने वाली नाबालिग है। दोनों के बीच प्रेम संबंध तब शुरू हुआ जब लड़की अपने ननिहाल आती-जाती थी। धीरे-धीरे यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों घर से भागकर दिल्ली चले गए, जहां कुछ समय तक साथ रहे। हालांकि आर्थिक तंगी और आपसी विवाद के चलते वे वापस लौटे, लेकिन परिवारों ने उन्हें अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों अगरेर बाजार में रहने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
शिवसागर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी
इस पूरे मामले पर सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि करीब दो महीने पहले नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में शिवसागर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सूचना के आधार पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो युवक ने घबराकर आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है और नाबालिग लड़की को थाने में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट
रोहतास में प्रेम प्रसंग बना सनसनी: पुलिस के डर से युवक ने की आत्महत्या की कोशिश
दो महीने से फरार प्रेमी युगल तक पहुंची पुलिस, डर के चलते युवक ने उठाया आत्मघाती कदम