नवरात्र में पटना पहुंचे नितिन नवीन, पूजा-अर्चना के साथ MLC चुनाव पर रहेगा फोकस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे हैं। उनके इस दौरे को नवरात्र पूजा के साथ-साथ आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने बिहार समेत देशभर के लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पटना में दुर्गा पूजा का विशेष महत्व है और यहां के पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन का अवसर मिलेगा।
दुर्गा पूजा पंडालों में करेंगे दर्शन
जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन शिवपुरी सब्जी मंडी के पास स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह डाकबंगला स्थित पूजा पंडाल में भी पहुंचकर माता रानी के दर्शन करेंगे। नवरात्र के सप्तमी के अवसर पर पटना के प्रमुख पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
MLC चुनाव को लेकर बीजेपी नेताओं के साथ बैठक
नितिन नवीन के पटना दौरे का एक अहम उद्देश्य विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना भी माना जा रहा है। इस दौरान वह बीजेपी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं और पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं। चुनाव को लेकर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने की भी संभावना है।
इससे पहले 6 अक्टूबर को पटना पहुंचे नितिन नवीन ने विधान परिषद चुनाव की शुरुआती तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया था। ऐसे में उनके मौजूदा दौरे को चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल का करेंगे शुभारंभ
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन राजेंद्र नगर भी जाएंगे। यहां वह ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं से जोड़ना है, ताकि उन्हें जरूरी जानकारी और सुविधाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
नितिन नवीन 17 और 18 अक्टूबर को पटना में रहेंगे। उनके इस दौरे में नवरात्र पूजा, जनसेवा से जुड़ी पहल और विधान परिषद चुनाव की तैयारियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। अब राजनीतिक नजरें बीजेपी की चुनावी रणनीति और आगामी बैठकों पर टिकी हैं।

Share This Article