Bank Strike 2026: रविवार को खुलेंगे बैंक, जानें 26 सितंबर से 30 सितंबर तक बैंकिंग का पूरा शेड्यूल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बैंकिंग सेवाओं पर लगातार पांच दिनों तक असर पड़ने की आशंका के बीच ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 27 सितंबर, रविवार को देशभर के सभी व्यावसायिक और ग्रामीण बैंक सामान्य कामकाज के लिए खुले रहेंगे। रिजर्व बैंक की अनुमति के बाद बैंकों को रविवार को शाखाएं खोलने का निर्देश दिया गया है। इसका मकसद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देना है।
दरअसल, 28 से 30 सितंबर 2026 तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का नियमित अवकाश है। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं के सामान्य कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।
27 सितंबर को बैंक क्यों खुले रहेंगे?
ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए 27 सितंबर, रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्णय लिया गया है। इस दिन ग्राहक जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, ऋण और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाओं से संबंधित कार्य करा सकेंगे। हालांकि, रविवार को बैंक खोलने के फैसले से बैंक कर्मचारियों के एक वर्ग में नाराजगी भी सामने आई है।
बैंक यूनियनों ने जताई नाराजगी
ऑल इंडिया बैंक कंफेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। वहीं, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने कहा कि हड़ताल से ठीक पहले अवकाश के दिन बैंक खोलने के निर्देश से बैंककर्मियों में नाराजगी है। बैंक यूनियनों ने रिजर्व बैंक से रविवार को बैंक खोलने के आदेश को वापस लेने की मांग की है
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल की स्थिति में बैंक शाखाओं में जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस, ऋण से जुड़े काम और अन्य ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं हालांकि, डिजिटल बैंकिंग, UPI और ATM सेवाओं पर असर संबंधित बैंक की व्यवस्था और हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की स्थिति पर निर्भर करेगा।

Share This Article