NEWS PR डेस्क: बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। मनेर थाना क्षेत्र के वयापुर में बेखौफ अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और पैक्स अध्यक्ष को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस सनसनीखेज वारदात में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज दानापुर के सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की है। पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन और पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु अपने दलान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान संजीत कुमार उर्फ भानु की मौत हो गई। वहीं, पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन की जांघ में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
इस मामले में दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-दो अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि शुरुआती जांच में वारदात के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को अपराधियों की पहचान के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस गोलीकांड के पीछे कौन है और दिनदहाड़े नहीं, बल्कि रात के अंधेरे में इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं। पैक्स अध्यक्ष की मौत के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट