पश्चिम चंपारण: देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।मामला साठी थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि साठी राजाराम स्टेडियम के पीछे स्थित सरकारी मैदान में एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान परसौनी गांव निवासी 20 वर्षीय इमामुद्दीन मियां के रूप में हुई है।इस पूरे मामले को लेकर एएसपी सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज प्रसन्ना कुमार एम.बी. ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक होंडा शाइन बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।फिलहाल, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास देसी कट्टा और कारतूस कहां से आए और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।

Share This Article