‘राजनीति से धन नहीं, जान अर्जित करते हैं’, अनंत सिंह पर नीरज कुमार का तीखा हमला

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार की राजनीति में इन दिनों एक ही पार्टी के दो नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी चर्चा का विषय बनी हुई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं। ऐसे में जब नीरज कुमार से सवाल पूछा गया कि आखिर पार्टी अपने ही विधायक के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई तारीख बताने के बजाय ऐसा जवाब दिया, जिसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

नीरज कुमार ने दो टूक अंदाज में कहा, “आप धैर्य रखिए, कुछ होगा ना! न कोई बचा है और न कोई बचेगा।” उनके इस बयान के बाद अब चर्चा तेज हो गई है कि क्या जदयू के भीतर अनंत सिंह को लेकर कोई बड़ा फैसला होने वाला है? हालांकि, नीरज कुमार ने किसी औपचारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके तेवर से यह साफ है कि वह इस विवाद को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं।

बाबा परशुराम का जिक्र कर दिया बड़ा बयान
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नीरज कुमार ने मोकामा और बाबा परशुराम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बाबा परशुराम साक्षात विराजमान हैं। उन्होंने दोहराया कि न कोई आज तक बचा है और न कोई बचेगा। उनके इस बयान को अनंत सिंह के लगातार विरोध के संदर्भ में देखा जा रहा है।
अनंत सिंह को बताया स्टार प्रचारक, राजनीति पर भी साधा निशाना
नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि शायद वह स्टार प्रचारक हैं। उन्होंने राजनीति में धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल को लेकर भी टिप्पणी की। नीरज कुमार के मुताबिक, कुछ लोग राजनीति से धन अर्जित करते हैं, जबकि वह राजनीति से जान अर्जित करते हैं।उन्होंने कहा कि अनंत सिंह जैसे लोगों के लिए राजनीति में कोई काम नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों के लिए राजनीति एक सुरक्षा कवच की तरह है और इसके अलावा कुछ नहीं।उनका यह बयान सीधे तौर पर अनंत सिंह की राजनीति और उनके प्रभाव पर निशाना माना जा रहा है।

दरअसल, पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबले के दौरान अनंत सिंह का अनुज सिंह को समर्थन देना विवाद की वजह बना हुआ है। अब सवाल यह है कि क्या जदयू नेतृत्व इस मामले में कोई कदम उठाएगा या यह विवाद चुनावी बयानबाजी तक ही सीमित रहेगा? फिलहाल, नीरज कुमार के बयान ने बिहार की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Share This Article