बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सहरसा जिले के सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय में छापेमारी कर नाजीर मुकुल कुमार को 72 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की दूसरी किस्त के भुगतान के बाद रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
नौ लाभुकों की दूसरी किस्त के भुगतान के बाद मांगी गई थी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, परिवादी हरे कृष्ण कुमार ने ब्यूरो के पटना स्थित कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नौ लाभुकों की दूसरी किस्त का भुगतान होने के बाद रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 126/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया।
धावादल ने की कार्रवाई, विशेष न्यायालय में होगी पेशी
मामले में अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अमित कुमार मिश्र के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने 27 अक्टूबर 2026 को सौरबाजार नगर पंचायत कार्यालय में कार्रवाई करते हुए मुकुल कुमार को कथित तौर पर 72 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।ब्यूरो के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।