आर.के. सिन्हा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, ऋतुराज सिन्हा को बंधाया ढांढस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार की राजनीति और कारोबारी जगत की चर्चित हस्ती एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शनिवार को पटना स्थित अन्नपूर्णा आवास पर नेताओं और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है। आरके सिन्हा का अंतिम संस्कार आज पटना के दीघा घाट पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी अन्नपूर्णा आवास पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री भाजपा नेता एवं आरके सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देते नजर आए। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी अन्नपूर्णा आवास पहुंचकर आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए। सभी ने ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
पत्रकारिता से शुरू किया सफर, बनाया बड़ा कारोबारी समूह
डॉ. आरके सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। महज 250 रुपये मासिक वेतन से अपने पेशेवर सफर की शुरुआत करने वाले सिन्हा ने आगे चलकर SIS ग्रुप की स्थापना की और उसे एक बड़े कारोबारी समूह के रूप में स्थापित किया। वे इस समूह के संस्थापक और चेयरमैन थे।
राजनीति में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। भाजपा के पुराने नेताओं और संगठन के संस्थापक सदस्यों में शामिल आरके सिन्हा ने पार्टी को मजबूत बनाने में भूमिका निभाई। वर्ष 2014 में भाजपा ने उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजा था। वे वर्ष 2020 तक उच्च सदन के सदस्य रहे।
शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया। उनके निधन को बिहार के सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article