NEWS PR डेस्क : जमुई में देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम से रन फॉर यूनिटी और एकता रैली निकाली गई। अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों ने सरदार पटेल के सम्मान में नारे लगाए और एकता-अखंडता का संदेश दिया।
SP ने नशा और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SP ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जमुई में भी एकता यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेने का अवसर है।
SP ने देश को तोड़ने वाली विध्वंसक ताकतों, नक्सलवाद, आतंकवाद और नशे के खिलाफ सभी से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
DM ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद
वहीं DM ने कहा कि सरदार पटेल के अथक प्रयासों से आज अखंड भारत का निर्माण संभव हो सका। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सभी लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने नशामुक्त और विकसित जमुई बनाने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम के अंत में स्टेडियम परिसर में अधिकारियों, पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
जमुई से हसनैन खान की रिपोर्ट ;-