बिहार में बीज व्यवस्था पर 11.82 करोड़ रुपये खर्च होंगे, किसानों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण बीज

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और बीज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य में बीज उत्पादन, प्रसंस्करण एवं भंडारण से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज समय पर उपलब्ध हो सकें और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।

विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन–बीज घटक (कृषोन्नति योजना) के अंतर्गत बीज गुणवत्ता नियंत्रण को सुदृढ़ करने, बीज अवसंरचना के निर्माण एवं आधुनिकीकरण तथा राष्ट्रीय बीज भंडारण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कुल 11 करोड़ 82 लाख रुपए से अधिक की राशि की योजना के कार्यान्वयन एवं इसके तहत राशि की निकासी और व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त एवं समृद्ध अन्नदाता के संकल्प को साकार करने के लिए बिहार सरकार प्रतिबद्ध है। इसी विजन के अनुरूप किसानों को गुणवत्तायुक्त बीजों की समयबद्ध उपलब्धता, आधुनिक भंडारण सुविधाएं तथा प्राकृतिक आपदाओं में भी बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसान आत्मनिर्भर और समृद्ध बनें।

विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बीज गुणवत्ता नियंत्रण को सुदृढ़ करने के लिए बसोका के अधीन मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर स्थित बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं, राज्यस्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशाला, के क्षेत्रीय बीज विश्लेषण प्रयोगशाला, कैमूर का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बीज अवसंरचना के विकास एवं आधुनिकीकरण के तहत हाजीपुर एवं भागलपुर में बीज प्रसंस्करण संयंत्रों का निर्माण एवं आधुनिकीकरण तथा हलसी (लखीसराय) में बीज प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, हाजीपुर एवं हलसी (लखीसराय) में बीज भंडारण गोदामों का निर्माण एवं आधुनिकीकरण किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य बीज प्रसंस्करण, भंडारण एवं वितरण के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास करना तथा गुणवत्तायुक्त बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही, वर्तमान बीज प्रसंस्करण एवं भंडारण इकाइयों का आधुनिकीकरण कर उनकी कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि की जाएगी। प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में भी किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सके, इसके लिए राष्ट्रीय बीज भंडारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त बीज कृषि उत्पादन की आधारशिला हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध हों, ताकि कृषि उत्पादकता में वृद्धि के साथ किसानों की आय एवं आर्थिक समृद्धि को भी नई मजबूती मिल सके।

Share This Article