रोहतास में कार से 66.50 लाख रुपये कैश बरामद, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार; NH-19 पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई !

Muskan Gupta

बिहार के रोहतास जिले में पुलिस ने अवैध नकदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नकदी के साथ काले रंग की महिंद्रा XUV-300 कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

मिली जानकारी के अनुसार, शिवसागर थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वाराणसी की ओर से आ रही काले रंग की एक XUV-300 कार में भारी मात्रा में नकदी रखी गई है। सूचना में यह भी बताया गया था कि कार में सवार लोग उक्त रकम लेकर कोलकाता जाने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए शिवसागर थानाध्यक्ष ने तत्काल वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया।

SDPO-01 के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम

इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, सासाराम के नेतृत्व में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) स्थित शिवसागर टोल प्लाजा पर वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रख रही थी।

पुलिस को देखकर चालक ने किया भागने का प्रयास

इसी दौरान रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर वाराणसी की ओर से एक संदिग्ध काले रंग की XUV-300 कार आती दिखाई दी। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-24AL-9617 बताया गया है। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी घुमाकर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की तत्परता के कारण वाहन को घेरकर पकड़ लिया गया।

कार में चालक के साथ सवार थीं दो महिलाएं

दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब संदिग्ध कार की तलाशी ली गई तो उसमें चालक के अलावा दो महिलाएं भी सवार मिलीं। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर तीनों ने अपना पता सासाराम के नवरत्न बाजार का बताया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

तीन अलग-अलग जगहों से बरामद हुए 66.50 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, कार चालक चंदन कुमार की सीट के पास रखे एक झोले से 4 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, कार में सवार दोनों महिलाओं के पास से क्रमशः 36 लाख रुपये और 26 लाख रुपये मिले। इस प्रकार पुलिस ने कुल 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिए।

नकदी के कागजात नहीं दिखा सके तीनों आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने जब इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उससे संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की तो तीनों लोग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। नकदी के संबंध में आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने पूरी रकम की विधिवत जब्ती सूची तैयार की साथ ही, मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है, ताकि बरामद नकदी के स्रोत और वित्तीय लेन-देन से संबंधित पहलुओं की जांच की जा सके।

प्राथमिकी दर्ज, आयकर विभाग को दी गई सूचना

इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने नकदी के अलावा काले रंग की XUV-300 कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कोलकाता ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था।

SDPO ने क्या कहा

इस पूरे मामले पर सासाराम के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 विप्लव कुमार ने बताया कि वाराणसी से कोलकाता जा रहे एक वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रोहतास पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बरामद 66.50 लाख रुपये के स्रोत और कोलकाता ले जाने के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है।

कैमूर से रंजन सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article