सारण में कृषि मंत्री विजय सिन्हा का बड़ा ऐलान, बिहार के 629 स्कूलों में खुलेंगी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं; 16 लाख किसानों तक पहुंचेगा ‘खेत बचाओ अभियान’

Muskan Gupta

बिहार में किसानों की समृद्धि और खेतों की उर्वरता बचाने के लिए सरकार ने बड़ा अभियान शुरू किया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को सारण जिले में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम में किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री और राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। वहीं, रबी सीजन में इस अभियान के जरिए 15 से 16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मिट्टी बचेगी, तभी थाली सजेगी

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेतों की मिट्टी का स्वास्थ्य सीधे हमारे परिवार के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। जिस मिट्टी में अनाज पैदा होता है, अगर वही मिट्टी पोषक तत्वों से भरपूर और स्वस्थ रहेगी, तभी लोगों को पौष्टिक भोजन मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेत बचेंगे और मिट्टी स्वस्थ होगी, तभी परिवार और समाज समृद्ध होगा। इसी संकल्प के साथ ‘खेत बचाओ अभियान’ को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

629 स्कूलों में स्थापित होंगी प्रयोगशालाएं

मंत्री ने बताया कि नई पीढ़ी को मिट्टी के संरक्षण और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए राज्य के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें 160 पीएम श्री उच्च विद्यालयों में पहले ही प्रयोगशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं। इसके अलावा राज्य के सभी हाई स्कूलों में मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।

16 लाख किसानों तक पहुंचने की तैयारी

कृषि मंत्री के अनुसार, खरीफ मौसम में बिहार के अलग-अलग जिलों में 7,275 किसान बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें 6 लाख 19 हजार 436 किसानों ने हिस्सा लिया। इनमें 2 लाख 12 हजार 610 महिला किसान भी शामिल रहीं।

अब रबी मौसम 2026-27 में अभियान को राज्य के सभी 534 प्रखंडों तक पहुंचाने की योजना है। प्रत्येक प्रखंड की कम से कम दो पंचायतों में विशेष किसान जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से 15 से 16 लाख किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता, खेतों की उर्वरता और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।

19 विषयों पर किसानों से सीधा संवाद

कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने बीज, कीटनाशक, मिट्टी जांच और उर्वरक समेत कृषि से जुड़े 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान कृषि विभाग की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया और आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत कृषि यंत्रों, गुणवत्तापूर्ण बीजों तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े नवाचारों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, जनक सिंह, रंधीर कुमार सिंह, मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह और विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, सरकार का लक्ष्य खेतों की मिट्टी को स्वस्थ रखने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ने का है।

Share This Article