NEWS PR डेस्क:पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात घर का दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने एक युवक के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब एक महीने पहले भी इस युवक पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई थी। आखिर पुरानी रंजिश में हुई हत्या या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? पुलिस इन तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से सिमरी गांव में किराए के मकान में अपनी पत्नी नेहा परवीन और दो बच्चों के साथ रह रहा था। इरफान पेशे से ड्राइवर था।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे दो लोग इरफान के घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक इरफान की मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद अपराधी उसका मोबाइल फोन लेकर बाइक से फरार हो गए। घटना के वक्त इरफान का बड़ा बेटा कमरे में ही सो रहा था, जबकि पत्नी और छोटा बेटा वहां मौजूद नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।
इस हत्याकांड में एक महीने पुरानी घटना भी चर्चा में है। मृतक की पत्नी नेहा परवीन के मुताबिक, करीब एक महीने पहले आरा से बाइक से लौटने के दौरान बिहटा के मौदही गांव के पास अज्ञात लोगों ने उनके पति पर हवाई फायरिंग की थी। उस दौरान पति-पत्नी बाल-बाल बच गए थे। अब इरफान की हत्या के बाद उस पुरानी घटना से संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि इरफान और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। इसी वजह से दोनों पिछले दो वर्षों से गांव में किराए के मकान में रह रहे थे। हालांकि, फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे सिमरी गांव में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। मृतक की पत्नी और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सिमरी गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और हत्या की असली वजह का खुलासा करना है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट