NEWS PR डेस्क :पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पारस नगर छठ घाट को भव्य और आकर्षक बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
तस्वीरें बगहा नगर परिषद क्षेत्र के पारस नगर छठ घाट की हैं, जहां छठ महापर्व को लेकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाट की स्थिति देखी और वहां साफ-सफाई, सजावट तथा व्रतियों के लिए जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों को घाट की बेहतर साफ-सफाई कराने, आकर्षक तरीके से सजावट करने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखना जरूरी है।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पारस नगर छठ घाट को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने संबंधित लोगों से तैयारियों को बेहतर तरीके से पूरा करने की बात कही।
छठ महापर्व को लेकर पारस नगर छठ घाट को आकर्षक बनाने की तैयारी जारी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार घाट का स्वरूप पहले से अधिक भव्य और सुंदर नजर आएगा।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-