NEWS PR डेस्क:पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई को लेकर विभाग ने अपनी टीम का हौसला बढ़ाया है। पांच लाख रुपये रिश्वत लेते कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को गिरफ्तार करने वाली निगरानी ब्यूरो की टीम को सम्मानित किया गया है। इस कार्रवाई में शामिल 15 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कुल 53 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। पटना में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक के दौरान ब्यूरो के महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार ने अधिकारियों और कर्मियों की सराहना की।

दरअसल, मंगलवार 10 नवंबर 2026 को पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुख्यालय सभागार में महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्यूरो के कामकाज की समीक्षा के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों और कर्मियों के कार्यों की सराहना की गई।
इस दौरान ब्यूरो के तीन नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों अरुण कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह और मो. जहांगीर अंसारी को उनके नए पद के अनुरूप बैज लगाकर सम्मानित किया गया। महानिदेशक ने तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में महानिदेशक ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई की संख्या बढ़ाने और रिश्वतखोर अधिकारियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई की विशेष रूप से चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 के तहत टीम ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
रितेश चन्द्र सिन्हा मधुबनी पथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। निगरानी टीम ने उन्हें पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। बताया गया कि दीपावली की छुट्टी के दिन भी टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई और अनुसंधान में शामिल 15 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कुल 53 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर ब्यूरो के सभी पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक, विधि पदाधिकारी और अन्य कर्मी मौजूद रहे।