छठ महापर्व को लेकर पटना अलर्ट, घाटों से रेलवे स्टेशन तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

Rashmi Tiwari

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गंगा घाटों से लेकर शहर के तालाबों और पार्कों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए हजारों पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।पटना में गंगा के 90 घाटों, 66 तालाबों और 28 शहरी पार्कों को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। वहीं, शहर के 240 संवेदनशील और प्रमुख स्थलों पर करीब 3 हजार पुलिस जवानों के साथ 500 से अधिक पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, बचाव दल, दमकल और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

पटना जंक्शन से अस्पतालों तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था

छठ महापर्व के दौरान दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पटना जंक्शन के सभी 10 प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ और जीआरपी के 100 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन शिफ्टों में 30 मजिस्ट्रेट ड्यूटी संभालेंगे।वहीं, किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए पीएमसीएच, एनएमसीएच और आईजीआईएमएस जैसे प्रमुख अस्पतालों में भी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

46 घाटों पर दमकल की तैनाती, गंगा में NDRF-SDRF की गश्ती

घाटों पर आगजनी और डूबने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पटना के 46 प्रमुख घाटों पर दमकल की गाड़ियों के साथ 450 अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया है।गंगा नदी में सुरक्षा की जिम्मेदारी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को सौंपी गई है। ये टीमें मोटरबोट के जरिए लगातार गश्त करेंगी। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम यानी क्यूआरटी को भी अलर्ट पर रखा गया है।

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था

सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सभी प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय, स्वच्छ पेयजल और रोशनी के लिए हाई-मास्ट लाइटें लगाई गई हैं।बड़े घाटों पर वाच टावर और अस्थायी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए घाटों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती भी की गई है।

13 से 16 नवंबर तक निजी नावों पर प्रतिबंध, ट्रैफिक का बदला प्लान

प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से 13 से 16 नवंबर तक गंगा नदी में निजी नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। वहीं, घाटों के आसपास पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध रहेगा।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के दौरान गंगा घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्रतियों के वाहनों की पार्किंग के लिए अटल पथ और जेपी सेतु के नीचे अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें।कुल मिलाकर, छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

Share This Article