संध्या अर्घ्य को लेकर गंगा घाटों पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, स्टीमर से छठ व्रतियों के बीच पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी

Rashmi Tiwari

लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में पूरी तरह बिखर चुकी है। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन आज गंगा घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का गंगा घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया है। शाम होते-होते घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।संध्या अर्घ्य के इस खास अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी छठ व्रतियों के बीच पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दानापुर के नासरीगंज स्थित फक्कड़ महतो घाट से स्टीमर पर सवार होकर गंगा नदी के रास्ते विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण करेंगे। उनका स्टीमर नासरीगंज घाट से रवाना होकर गायघाट तक पहुंचेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री गंगा किनारे बने विभिन्न छठ घाटों पर मौजूद व्रतियों और श्रद्धालुओं का अभिवादन करेंगे। साथ ही उन्हें लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं भी देंगे। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम छठ के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने के साथ श्रद्धालुओं के उत्साह को भी बढ़ाएगा।इधर, संध्या अर्घ्य को लेकर गंगा घाटों पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुबह से ही छठ व्रतियों और उनके परिजनों का घाटों पर पहुंचना जारी है। घाटों पर भक्ति गीतों और छठी मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।मुख्यमंत्री के आगमन और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट है। घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।शाम को जब व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, तब गंगा घाटों पर आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पटना से पशुपति नाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article