प्रसाद जूठा करने पर मां का फूटा गुस्सा, बेरहमी से पिटाई के बाद मासूम ने तोड़ा दम

Rashmi Tiwari

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। छठ पूजा के प्रसाद को जूठा कर देने जैसी मामूली बात पर एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी को बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं लोगों में भारी आक्रोश है।मामला पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी छठ पूजा के लिए घर में पकवान और प्रसाद तैयार कर रही थीं। इसी दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी ने प्रसाद खाने की जिद की। मां के मना करने के बावजूद बच्ची ने प्रसाद उठा लिया और उसे जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना कुमारी ने अपना आपा खो दिया और मासूम की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा के लिए घाट बनाने और तैयारियों में जुटे थे। घर में मां और बच्चे ही मौजूद थे। राजू के तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा शामिल हैं। सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की सूचना मिलने पर पूसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।पूसा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बेटी को खो चुके पिता ने अपनी पत्नी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article