सुपौल जिले में बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों का आक्रोश अब सड़क पर दिखाई देने लगा है। शहर के सहरसा रोड स्थित पासवान टोली के समीप वार्ड नंबर 19 में सड़क की जर्जर हालत और जगह-जगह जमा गंदे पानी से नाराज स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, वहीं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है। ऐसे में लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा मुश्किल पैदल चलने वाले राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और स्थानीय निवासियों को हो रही है।
लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली और जलजमाव के कारण आए दिन परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी से नाराज होकर स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। विरोध के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।अब सवाल यह है कि आखिर कब तक वार्ड नंबर 19 के लोगों को इस बदहाल सड़क और गंदे पानी की समस्या से जूझना पड़ेगा? देखना होगा कि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद जिला प्रशासन कब इस मामले में पहल करता है और इलाके की सड़क की सूरत कब बदलती है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट।
