छठ पूजा के बाद बदला चिराग पासवान का अंदाज, मंत्रियों के साथ तालाब में जमकर की मस्ती

Rashmi Tiwari

पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। छठ पूजा के दौरान जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया, वहीं पूजा संपन्न होने के बाद दोस्तों और पार्टी नेताओं के साथ जमकर मस्ती करते नजर आए। उनके इस अंदाज का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, चिराग पासवान ने अपने आवास पर परिवार के सदस्यों और पार्टी के नेताओं के साथ पारंपरिक तरीके से छठ महापर्व मनाया। अर्घ्य देने के बाद वह छठ के लिए बनाए गए विशेष तालाब में अपने दोस्तों के साथ उतर गए। इस दौरान उन्होंने पानी में जमकर मस्ती की। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार सिंह और संजय पासवान भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने भी तालाब में उतरकर इस पल का आनंद लिया। चिराग की मस्ती देखकर वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।

इस दौरान चिराग पासवान की पोशाक भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। वह राजसी अंदाज वाले परिधान और माथे पर साफा पहने नजर आए। छठ पूजा के आयोजन में परिवार के सदस्यों के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।पूजा के बाद चिराग पासवान ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।वहीं, धार्मिक आयोजन के बीच उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। चिराग ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में गठबंधन नहीं होता है तो उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।इस तरह छठ के मौके पर चिराग पासवान का धार्मिक, पारिवारिक और राजनीतिक, तीनों अंदाज सुर्खियों में रहा।

Share This Article