NEWSPR डेस्क। भागलपुर, नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली पंचायत में मुखिया चुनाव की तैयारी कर रहे अभिषेक कुमार उर्फ छोटू सिंह को अपराधियों ने देर रात गोली मारकर घायल कर दिया। घायल जब प्रचार कर अपने घर के दरवाजे पर पहुंचा तब पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें अभिषेक को दो गोली लगी। जिसके बाद परिजनों ने इलाज के लिए उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि चुनाव में खड़े होने के विरोध में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घायल ने बताया कि तीन साल पहले उसके पिता की भी हत्या की गई थी। चुनाव में खड़ा होने की वजह से ही विरोधियों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं घटना के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।