नालंदा में किसानों की हालत खराब, धान उपजाने से लेकर बेचने तक परेशान

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। नालंदा के किसान धान उपजाने से लेकर बेचने तक परेशान हैं। कभी बाढ़ की मार तो कभी सुखाड़ की मार। अगर इन सबों से बचकर भी किसान अपनी अनाज को उपजा लेते हैं तो फिर बेचने को लेकर कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है।

नूरसराय प्रखंड के तेजा बिगहा स्थित राइस मिल में बुधवार को अनाज बेचने को लेकर सैकड़ो किसान धान से लदी हुई ट्रैक्टर को लेकर पहुँचे। किसानों ने बताया कि आज बुधवार का दिन रहुई और नूरसराय प्रखंड के किसानों के धान बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। सुबह 4:00 बजे हम लोग अपने-अपने ट्रैक्टर व अन्य वाहन लेकर कतार में लगे हुए हैं, लेकिन धान खरीद में तेजी नहीं लाई जा रही है।

जिसके कारण करीब डेढ़ किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। धान खरीद की लचर व्यवस्था से हम सभी किसान परेशान हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि किसानों की बात कोई सुनने वाला नहीं है। चुनाव के समय में सिर्फ कई तरह का वादा कर प्रलोभन देते हैं। सिर्फ एक मिल रहने की वजह से धान को बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी के प्रति विभाग उदासीन है। अगर इसका वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कराया जाता है तो इस तरह की परेशानी बनी रहेगी।

ऋषिकेश संवाददाता नालंदा

Share This Article