मुख्य सचिव ने वीसी के द्वारा प्रधान सचिव, ऊर्जा विभाग के साथ की समीक्षा बैठक

Patna Desk
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

 

NEWSPR DESK -06 जुलाई, 2024, बिहार में विभिन्न स्थानों पर श्रावणी मेला 2024 के दौरान मेला स्थलों और इससे जुड़े रास्तों पर निरंतर बिजली आपूर्ति के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इससे संबंधित हुई समीक्षा बैठक में ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव श्री संजीव हंस ने मुख्य सचिव श्री ब्रजेश मेहरोत्रा को तैयारियों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की गई समीक्षा बैठक के दौरान कहा गया कि श्रावणी मेला संबंधित क्षेत्रों एवं कांवरिया पथ से होकर गुजरने वाली 33 केवी, 11 केवी एवं एलटी लाइनों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य प्रगति पर है, जिसे 10 जुलाई 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।

 

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह सीएमडी बीएसपीएचसीएल श्री संजीव हंस ने श्रावणी मेला हेतु की गई विशेष तैयारियों के विषय में बताते हुए कहा कि कांवरियों की सुविधा के लिए बांका कांवरिया पथ पर 8.5 किमी लंबी एक नई एलटी लाइन का विस्तार किया गया है। इसी तरह मुंगेर प्रमंडल के असरगंज पीएसएस की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दिया गया है, वहीं भागलपुर के कटोरिया और बेलहर पीएसएस के भी क्षमता को 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए कर दिया गया है। भागलपुर और बांका प्रमंडलों के अंतर्गत कुल 9 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता 63 केवीए से बढ़ाकर 100 केवीए कर दिया गया है। कांवरिया पथ पर कुल 72 ट्रांसफॉर्मर हैं जिनमें 60 का रखरखाव कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा श्री हंस ने बताया कि विभिन्न जगहों पर अस्थाई कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी जहां शिफ्ट में अभियंताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी।

 

बैठक के दौरान श्री हंस ने दोनों डिस्कॉम के मुख्य अभियंताओं को कांवरिया पथों पर जा कर स्पॉट निरीक्षण करने एवं बिजली संबंधित तैयारियों का जायजा लेना का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बताया कि सभी कार्यों की प्रगति की निगरानी वे खुद मुख्यालय से कर रहे हैं ताकि किसी भी कांवरिया को बिजली संबंधित कोई दिक्कत न हो।

 

राज्य में कुल 1248 विद्युत शक्ति उपकेंद्र हैं। श्रावणी मेले से संबंधित दक्षिण बिहार में 10 और उत्तर बिहार में 25 विद्युत उपकेंद्रों की पहचान की गई है। इनके रखरखाव और मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। मेला क्षेत्र से संबंधित सभी विद्युत शक्ति उपकेंद्र के सभी ब्रेकर कार्यरत हैं। समीक्षा बैठक में बताया गया कि मेला क्षेत्र के सभी स्थानों पर एल.टी.ए.बी. केबल अथवा सेपरेटर युक्त बेयर कंडक्टर से विद्युत आपूर्ति की जाएगी। इसकी पूरी तैयारी की जा चुकी है। श्रावणी मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ का संबंधित विद्युत कार्यपालक अभियंताओं द्वारा निरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। मेला क्षेत्र के डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के रखरखाव व मरम्मत का कार्य हर हाल में 10 जुलाई 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।

 

इसके साथ ही श्रावणी मेला व कांवरिया पथ में मेले के दौरान रखरखाव के लिए विभिन्न स्थानों पर पोल, तार एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था कर ली गई है। ट्रांसफार्मर खराब या जलने की स्थिति में तुरंत बदलने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रचुर मात्रा में उपलब्ध करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में भीड़ वाले स्थानों पर अधिष्ठापित लोहे के विद्युत पोलों में स्पर्शाघात से बचाव हेतु डाइलेक्ट्रिक पेंट अथवा पॉलीथीन शीट लगाया जा रहा है। मेला क्षेत्र में आवश्यकतानुसार ओवरलोड वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों को चिह्नित कर क्षमता विस्तार व अतिरिक्त ट्रांसफार्मर का अधिष्ठापन किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रावणी मेला पथ में चिह्नित स्थलों पर अस्थायी फ्यूज कॉल गैंग की पालीवार प्रतिनियुक्ति की जा रही है।

 

भक्तों और कांवरियों की सहूलियत के लिए श्रावणी मेला क्षेत्र में भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही गत वर्षों के अनुभव के आधार पर विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की आकस्मिकता से निपटने के लिए एजेंसी को चिह्नित किया गया है। अंतर्विभागीय समन्वय के लिए जिला व विद्युत प्रमंडल स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। मेला क्षेत्रों से संबंधित सभी ग्रीड शक्ति उपकेंद्रों का रखरखाव एवं मरम्मत पूरा करा दिया गया है। वर्ष 2022 एवं 2023 में श्रावणी मेला क्षेत्र व कांवरिया पथ में विद्युत की खपत के मद्देनजर वर्ष 2024 में विद्युत की उपलब्धता से संबंधित आकलन कर आवश्यक तैयारी कर ली गई है।

 

श्रावणी मेला 2024 से संबंधित दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत शक्ति उपकेंद्र इस प्रकार हैं: सुल्तानगंज, कटोरिया, बेलहर, चांदन, असरगंज, तारापुर, संग्रामपुर, बरहनिया, नेरी व बराबर। इसी तरह उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत शक्ति उपकेंद्र इस प्रकार हैं: कुरहनी, भीखनापुरा, ऊर्जानगर, नयाटोला, मिसकॉट, ई-हाउस, चंदवारा, सिकंदरपुर, सिटी पार्क, राधिया (अरेराज), चकिया, कोनहराघाट, दिधी, महुआ, सराय, रतनपुरा, गरौल, राजापाकड़, चेरकला, सोनपुर, जैतिया, बिस्फी, गद्दपुरा, बनमखी और हरिहानी। ज्ञात हो कि कांवरिया पथ में नॉर्थ एवं साउथ बिहार के भागलपुर, मुंगेर, गया, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा, बेगुसराय, पूर्णिया अंचल आते हैं जिसके अंतर्गत कुल 17 प्रमंडल आते हैं और इन सभी जगह रखरखाव एवं मरम्मती का कार्य पूरा कर लिया गया है।

उक्त समीक्षा बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री निलेश रामचंद्र देवरे सहित एसबीपीडीसीएल के डायरेक्टर श्री विजय कुमार, एनबीपीडीसीएल के डायरेक्टर श्री नसीम इकबाल, साथ ही एसबीपीडीसी के चीफ इंजीनियर ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस श्री राजकुमार और बीएसपीएचसीएल के सीनियर प्रोटोकॉल ऑफिसर श्री ख्वाजा जमाल उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article