NEWS PR डेस्क: सासाराम, 14 जून। रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बक्सर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में बड़ी चोरी की घटना का खुलासा हुआ। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी करीब 15 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, चार से पांच की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने देर रात एटीएम केंद्र का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा और उसमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गए। अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब क्षतिग्रस्त एटीएम और बिखरे सामान पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, वहीं बैंक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान और चोरी गई राशि का आकलन किया। प्रारंभिक जांच में करीब 15 लाख रुपये की चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था।
मामले पर जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-2 संजीव कुमार ने बताया कि घटनास्थल से गैस कटर मशीन बरामद की गई है। इसके अलावा कैमूर जिले के मोहनिया क्षेत्र से घटना में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले एक वाहन को भी जब्त किया गया है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कोचस में वारदात को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने बक्सर जिले में भी एक एटीएम चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसी कड़ी को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। इस घटना ने एक बार फिर एटीएम सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
