रोहतास थाना क्षेत्र की अवसानी नदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने के लिए नदी में डाले गए जाल में मछली की जगह हथियारों से भरा झोला फंस गया। जाल बाहर निकालने पर उसमें एक देसी रिवॉल्वर और दो देशी कट्टा बरामद हुए। नदी में हथियार मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जाल खींचने पर सामने आया हथियारों का झोला
बताया जाता है कि अवसानी नदी में कुछ मछुआरे रोज की तरह मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहे थे। इसी दौरान जाल में कुछ भारी सामान फंसने का एहसास हुआ। मछुआरों ने जब जाल को नदी से बाहर निकाला तो उसमें एक झोला फंसा मिला। झोले को खोलकर देखा गया तो उसमें मछलियों की जगह तीन हथियार रखे हुए थे।
झोले से एक देसी रिवॉल्वर और दो देशी कट्टा बरामद किए गए। हथियारों को देखते ही मछुआरे सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस ने हथियारों को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही रोहतास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और नदी से बरामद हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियारों से भरा झोला नदी में किसने और कब फेंका था।
नदी में हथियार पहुंचने की जांच
इस मामले में एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि अवसानी एक पहाड़ी नदी है। आखिर इस नदी में हथियार कहां से आए, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों के संबंध में सभी संभावित पहलुओं को खंगाल रही है।

नदी में मछली पकड़ने के दौरान तीन हथियार मिलने की घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन हथियारों को नदी में छिपाने या फेंकने के पीछे किसका हाथ था।
रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट ;–