NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां हड़बोड़ा नदी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की घंटों की मशक्कत के बाद किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
मामला नरकटियागंज नगर के धुमनगर ढोलबजवा सरेंह स्थित हड़बोड़ा नदी का है, जहां मंगलवार को शिवगंज मोहल्ला निवासी राधेश्याम प्रसाद का 15 वर्षीय पुत्र लक्की कुमार नहाने के लिए नदी में गया था।
नहाने के दौरान अचानक लक्की गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और राजस्व अधिकारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
नदी किनारे किशोर के कपड़े मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई। गोताखोरों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक खोजबीन की। इस दौरान परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और लक्की के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे,काफी देर की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने लक्की का शव नदी से बरामद कर लिया।

शव मिलते ही मचा कोहराम
शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;–