PCC की बैठक में 29 औद्योगिक परियोजनाओं को मिली स्वीकृति, ₹6,000 करोड़ के निवेश से 3,000 रोजगार के अवसर होंगे सृजित

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 04 जुलाई। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में 29 औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करते हुए उनके स्थापना हेतु लगभग 37.95 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की गई। इसके अतिरिक्त, उद्योगों की शीघ्र स्थापना एवं संचालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग ₹6,000 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे करीब 3,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। यह निवेश बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ता औद्योगिक निवेश राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों तथा निवेशकों के बढ़ते विश्वास का परिचायक है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं बिहार को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध होंगे तथा राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित, समावेशी एवं सतत औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सरल प्रक्रियाओं एवं निवेशक-अनुकूल नीतियों के माध्यम से उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

समिति द्वारा स्वीकृत परियोजनाएं जिनमें प्रमुख हैं एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, रासायनिक विनिर्माण, प्लास्टिक उत्पाद निर्माण, ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फर्नीचर एवं फिक्स्चर, लिथियम-आयन बैटरी, कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) तथा जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसे उच्च संभावनाओं वाले विविध क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के औद्योगिक आधार को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

ये औद्योगिक इकाइयां राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, जिनमें प्रमुख हैं, IA सिकंदरपुर, IA हथुआ फेज-3, IA फारबिसगंज, IA लोहट फेज-1, IA बरियारपुर, तथा IA फतुहा में स्थापित की जाएंगी।

प्रमुख स्वीकृत इकाइयों में Ampera Life India Pvt. Ltd. (अब तक के निवेश में सबसे बड़ा प्रस्ताव), Shri Shirdi Sainath Power Infratech Pvt. Ltd., Rungta Irrigation Ltd., M/S Pankaj Traders, Anvira Green Energy Pvt. Ltd., Sangam Industries, Kalayan Plasto Industries तथा Lisica Chemicals Pvt. Ltd., सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बिहार में औद्योगिक निवेश को नई दिशा मिलेगी, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती प्राप्त होगी तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article