पटना के बांकीपुर में बनेगा 5-सितारा ताज होटल, पर्यटन विभाग और निजी कंपनी के बीच समझौता

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यटन विभाग और बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSTDCL) ने बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर 5-सितारा लग्जरी ताज होटल के संचालन के लिए सारगा होटल प्रा. लि. के साथ समझौता किया है। यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी।

समझौते के दौरान बिहार के पर्यटन मंत्री Arun Shankar Prasad मौजूद रहे। इस परियोजना के तहत द इंडियन होटल्स समूह द्वारा राजधानी पटना में ताज होटल का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटकों और व्यवसायियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पटना में फाइव स्टार होटल की जरूरत को देखते हुए राजधानी में तीन नए फाइव स्टार होटल बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें से एक होटल का निर्माण पहले से चल रहा है, दूसरे के लिए समझौता हो चुका है और तीसरे के लिए प्रक्रिया जारी है।

बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक Nandkishore ने बताया कि परिवहन विभाग से बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर्यटन विभाग को हस्तांतरित किए जाने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया। तकनीकी रूप से सफल बोलीदाता के रूप में सारगा होटल प्रा. लि. का चयन किया गया है, जो 18.60 करोड़ रुपये वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम और जीएसटी का भुगतान करेगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रस्तावित ताज होटल में कुल 500 कमरे होंगे। पहले चरण में 350 कमरे और दूसरे चरण में 150 कमरे बनाए जाएंगे। चयनित एजेंसी चार वर्षों के भीतर पहले चरण का निर्माण पूरा कर जनवरी 2030 तक होटल संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखेगी। बांकीपुर का स्थान इस परियोजना के लिए उपयुक्त माना जा रहा है, क्योंकि एक ओर गंगा नदी और सामने गांधी मैदान स्थित है। साथ ही यह सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के नजदीक होने के कारण भी महत्वपूर्ण है।

ताज होटल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट K. Mohanchandran ने कहा कि पटना में बनने वाला यह ताज होटल देश के बेहतरीन ताज होटलों में शामिल होगा। वहीं सारगा होटल प्रा. लि. के निदेशक Nityanand Sonthalia ने तय समय में परियोजना पूरा करने का भरोसा जताया। इस मौके पर पर्यटन विभाग और BSTDCL के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article