NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राजधानी पटना में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में Asian Development Bank (ADB) के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में 1 बिलियन डॉलर (करीब 9,000 करोड़ रुपये) से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह साझेदारी राज्य के ढांचागत विकास को नई गति देगी और दीर्घकालिक आर्थिक परिवर्तन का आधार बनेगी। निवेश का बड़ा हिस्सा औद्योगिक क्लस्टर विकास पर केंद्रित रहेगा। गया और मुजफ्फरपुर में एकीकृत औद्योगिक क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे, जिससे विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने और रोजगार सृजन में मदद मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और कृषि क्षेत्र को भी योजना में प्रमुखता दी गई है। बौद्ध सर्किट के विस्तार और आधुनिकीकरण के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। साथ ही, जल संसाधन और कृषि रूपांतरण परियोजनाओं के जरिए सिंचाई व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे उत्पादकता बढ़ेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में नवीकरणीय स्रोतों के विस्तार और ‘स्मार्ट ग्रिड’ प्रणाली विकसित करने पर जोर रहेगा, ताकि बिजली वितरण प्रणाली अधिक सक्षम और विश्वसनीय बन सके। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा रूपांतरण परियोजना के तहत अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के उन्नयन की योजना है।
शिक्षा क्षेत्र में ‘स्कूल रेडीनेस गैप’ को कम करने और बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं पर केंद्रित एमएसएमई विकास, पीपीपी मॉडल को प्रोत्साहन और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन में सुधार के लिए भी एडीबी सहयोग करेगा।