मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और समस्तीपुर के लिए बड़ी सौगात: अब नियमित चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, देखें रूट और शेड्यूल

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर और पूरे उत्तर बिहार के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेल ने पनवेल से अलीपुरद्वार के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन की घोषणा कर दी है। इस नई सेवा से उत्तर और पश्चिम भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। खासतौर पर मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कटिहार के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

23 फरवरी से नियमित परिचालन

पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के अनुसार, ट्रेन संख्या 11031 पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 23 फरवरी से शुरू होगा। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार–पनवेल एक्सप्रेस 26 फरवरी से चलेगी। यह प्रीमियम नॉन-एसी ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन महाराष्ट्र के पनवेल से रवाना होकर उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार तक जाएगी। मार्ग में यह कल्याण, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज छिवकी, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और कटिहार जैसे अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे बिहार के यात्रियों को पश्चिम भारत से सीधा संपर्क मिलेगा।

समय-सारणी

ट्रेन संख्या 11031 पनवेल–अलीपुरद्वार एक्सप्रेस हर सोमवार सुबह 11:50 बजे पनवेल से रवाना होगी। मंगलवार को यह डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर पहुंचेगी। बुधवार सुबह 3:20 बजे कटिहार पहुंचने के बाद दोपहर 1:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।

वहीं 11032 अलीपुरद्वार–पनवेल एक्सप्रेस हर गुरुवार सुबह 4:45 बजे अलीपुरद्वार से चलेगी। यह कटिहार, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र होते हुए डीडीयू पहुंचेगी और शनिवार सुबह 5:30 बजे पनवेल पहुंचेगी।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित

अमृत भारत एक्सप्रेस को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। ट्रेन में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, एयर स्प्रिंग बॉडी, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप, दिव्यांगजन के लिए उन्नत शौचालय, फायर डिटेक्शन सिस्टम, टॉक-बैक यूनिट और एलईडी लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। डिब्बों की डिजाइन इस तरह की गई है कि लंबी दूरी की यात्रा भी आरामदायक और सुरक्षित बने।

उत्तर बिहार को सीधा फायदा

मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, समस्तीपुर और कटिहार जैसे स्टेशनों से होकर गुजरने वाली यह ट्रेन उत्तर बिहार के यात्रियों को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों तक सीधी व किफायती कनेक्टिविटी देगी। इससे यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन से यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्रीय व्यापार व आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में इस ट्रेन की लोकप्रियता और यात्री संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article