अररिया के राजकीय ITI में Alumni Meet-cum-Freshers Welcome 2026 का भव्य आयोजन, पूर्ववर्ती छात्रों का मिलन और नए प्रशिक्षुओं का हुआ स्वागत !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क: कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत रानीगंज की मुख्य पार्षद रूपा देवी एवं संस्थान के प्राचार्य राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया गया। समारोह में संस्थान के उप प्राचार्य विवेक कुमार तथा महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के उप प्राचार्य पुष्कर आनंद की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं ने अपने प्रशिक्षण काल के अनुभवों, रोजगार प्राप्त करने की यात्रा तथा औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने वर्तमान प्रशिक्षुओं को नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत एवं तकनीकी कौशल में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं के अनुभवों से नवप्रवेशित छात्रों को आईटीआई प्रशिक्षण के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा कि आईटीआई संस्थान युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने की अपील की उन्होंने पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं से भी संस्थान के साथ जुड़े रहने तथा नए प्रशिक्षुओं को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि रूपा देवी ने भी प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में बालिका एवं बालक वर्ग के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालिका वर्ग में पूजा कुमारी, संजली कुमार, राबरी कुमारी एवं शिवानी सिमरन सहित चार प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। वहीं बालक वर्ग में आदित्य कुमार, सुमन कुमार, प्रिंस कुमार, रवि कुमार, मनजीत कुमार, सोनू कुमार, विष्णु कुमार, शिव गंगा, आनंद कुमार, कैलाश कुमार, मो० समीर, अभिषेक कुमार पासवान, सुजीत कुमार, सरोज कुमार, आशीष कुमार, बाबुल कुमार, आलोक कुमार, सुमित कुमार, मो० अफान, सुधांशु कुमार, कुणाल कुमार, दीपक कुमार, रोशन कुमार एवं पीयूष कुमार झा सहित कुल 26 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समारोह में नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। पूर्ववर्ती एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं के बीच आपसी संवाद और मेल-मिलाप ने समारोह को विशेष रूप से यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से सभी अतिथियों, पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संस्थान की पुरानी एवं नई पीढ़ी के प्रशिक्षुओं के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित करना तथा युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के प्रति प्रेरित करना रहा।
मंच का संचालन लालो चौधरी एवं बाल मुकुंद मिश्रा द्वारा किया गया।

अररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट ;-

Share This Article