NEWS PR डेस्क: बगहा में विधायक राम सिंह को लेकर भाजपा के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं। भाजपा नेता तुषार सिंह ने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर विधायक पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान जनता से विकास के जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विधायक के कामकाज पर सवाल खड़े किए हैं।
दरअसल, भाजपा नेता तुषार सिंह का कहना है कि क्षेत्र के लोग आज भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। विकास कार्यों की उम्मीद लेकर लोग लगातार उनके आवास पहुंच रहे हैं और अपनी परेशानियां बता रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि चुनाव के समय जिस विकास की बात कही गई थी, वह अब तक धरातल पर नजर नहीं आ रहा है।
तुषार सिंह ने कहा कि जनता ने अपने क्षेत्र के विकास और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद के साथ जनप्रतिनिधि को चुना है। ऐसे में जनता से किए गए वादों को पूरा करना विधायक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। विकास केवल चुनाव के समय किए जाने वाले वादों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका असर जमीन पर भी दिखना चाहिए।
भाजपा नेता ने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर विकास कार्य नहीं हुए तो विधायक राम सिंह को जनता के सवालों का सामना करना पड़ेगा और उन्हें जवाब देना होगा।
अब इस बयान के बाद बगहा की सियासत में चर्चा तेज हो गई है। सवाल यह भी है कि क्या भाजपा नेता के इन आरोपों पर विधायक राम सिंह कोई प्रतिक्रिया देंगे? फिलहाल, विधायक की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।