NEWS PR डेस्क: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘अस्मिता’ पहल के तहत नेहरू स्टेडियम, दरभंगा में भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के खेल विभाग और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के निर्देशानुसार जिला प्रशासन दरभंगा, माय भारत दरभंगा तथा खेल विभाग दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, साहित्यकार नैना साहु, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि सरकार की ‘अस्मिता’ पहल उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। वहीं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है और खेल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में समानता का संदेश देना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों अंडर-13 वर्ष, 13-18 वर्ष तथा 18 वर्ष से ऊपरमें आयोजित की गई, जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ शामिल थी।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ (अंडर-13) में अनुष्का कुमारी ने प्रथम, मनीषा कुमारी ने द्वितीय और कीर्ति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 13 से 18 आयु वर्ग में प्रतिभा कुमारी प्रथम, छोटी कुमारी द्वितीय और ऋचा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर दौड़ में ईशा कुमारी ने प्रथम, स्वाति कुमारी ने द्वितीय और मनीषा कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ (13-18 आयु वर्ग) में छोटी कुमारी प्रथम, रितिका कुमारी द्वितीय और डोली कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में डॉक्टर आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, संजीव शाह, मुकुंद चौधरी, सुजीत मलिक, सत्य प्रकाश, कुमार अनुराग, नैना साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन अमित शुक्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूजा कुमारी ने किया। इसके अलावा खेलो इंडिया के कोच तरुण प्रकाश, संजीव कुमार, बृजेश कुमार, दिनकर, शोएब, बलदेव मेहता, ज्योति कुमारी, राकेश कुमार और जीनत आरा सहित कई लोग मौजूद रहे।