एम्बुलेंस में मरीज की जगह मिला करीब 5 क्विंटल गांजा, भारत-नेपाल सीमा पर नशे का कारोबार

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWSPR डेस्क। अररिया भारत-नेपाल सीमा पर जोगबनी की मुख्य बॉर्डर के पास नेपाल के क्षेत्र में एक एम्बुलेंस को जब रात में नेपाल पुलिस ने रोका और उसकी तलाशी ली तो पुलिस कर्मी हैरत में पड़ गए। एम्बुलेंस में मरीज के बजाय भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस कर्मियों ने एम्बुलेंस में मरीज की सीट पर किसी व्यक्ति को चादर ओढ़कर लेटे हुए देखा। जब चादर हटाया तो वहां किसी मरीज के बजाय गांजे के पैकेट मिले। वह पैकेट कुछ इस तरह जमाकर रखे गए थे कि चादर के ऊपर से देखने पर यही लग रहा था कि कोई इंसान लेटा हुआ है। पुलिस ने 480 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

भारत-नेपाल सीमा से मादक पदार्थों की तस्करी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। तस्कर नेपाल से बड़े पैमाने पर गांजा भारतीय क्षेत्र में लाते हैं। ड्रग माफिया सीमा के दोनों ओर सक्रिय हैं। तस्करों के गिरोह गांजे की तस्करी के लिए रोज नए नए हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसा ही एक हथकंडा रविवार की रात में अपनाने की कोशिश की गई, जो नाकाम हो गई।

जोगबनी बॉर्डर के पास नेपाल पुलिस ने एम्बुलेंस से 16 पैकेटों में ले जाया जा रहा 480 किलोग्राम गांजा बरामद कर लिया है। बड़े पैमाने पर बॉर्डर बंद हो जाने के बाद से अत्यावश्यक सेवा के तहत एम्बुलेंस को नेपाल और भारत के बीच आने-जाने दिया जाता है। इलाज के लिए भारत के काफी लोग नेपाल के अस्पतालों में भर्ती होते हैं और इसके लिए एम्बुलेंस से आना जाना करते हैं। एम्बुलेंस की प्रायः चेकिंग नहीं होती है। इसी का फायदा तस्कर उठाते हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

नेपाल पुलिस ने एम्बुलेंस में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धनकुटा जिले के शहीदभूमि गांवपालिका संख्या 6 के 35 साल के निश्चल राई और संगुरीगढ़ी गांवपालिका 2 के 20 साल के खगेन्द्र लिम्बु को गिरफ्तार किया है। उनसे नेपाल पुलिस पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार तस्करों ने एम्बुलेंस से गांजा तस्करी को लेकर कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्हें जानकर नेपाल पुलिस भी हतप्रभ है।

नेपाल के मोरंग के एसपी कवित कटवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा की तस्करी होने वाली है। इस पर बेलबारी के इंस्पेक्टर राजीव गिरी और केराबारी के एसआई फजिंद्र तोलांगी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया व रात में चेकिंग अभियान चलाया गया। एक एम्बुलेंस आई तो उसको रोका गया। उसमें सवार आरोपी एम्बुलेंस को लेकर भागने की कोशिश करने लगे। इस पर इंस्पेक्टर राजीव गिरी और एसआई फजिंद्र तेलांगी ने एक-एक राउंड हवाई फायरिंग की।

इसके बाद एम्बुलेंस रुक गई। पुलिस ने उसमें सवार दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया और तलाशी ली गई। एम्बुलेंस से गांजे के 16 पैकेट बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट 30 किलो का है। कुल 480 किलो गांजा बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की गई है और कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। इसके आधार पर जांच की जा रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article