टीएमबीयू कुलपति आवास पर पहुंचा ABVP, छात्रावास की बदहाली पर 5 दिन का अल्टीमेटम

Shreya Raj
टीएमबीयू कुलपति आवास के बाहर छात्रावास की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते एबीवीपी कार्यकर्ता, 5 दिन में समाधान की मांग को लेकर जताया विरोध।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया। विभिन्न मांगों को लेकर ABVP कार्यकर्ता कुलपति आवास पहुंचे और कुलपति के सामने छात्रावास से जुड़ी समस्याएं रखीं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।

25 दिनों से बाढ़ के पानी से घिरे छात्रावास, चोरी की घटनाओं पर भी चिंता

ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय के कई छात्रावासों की स्थिति जर्जर है। इसके अलावा छात्रावासों में लगातार चोरी की घटनाएं भी हो रही हैं। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, करीब 25 दिनों से छात्रावास बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। पीजी छात्रावास में बाढ़ का पानी कमरों तक पहुंच गया था, जिससे छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रावासों की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है।

कुलपति से मिलने का समय नहीं देने का लगाया आरोप

ABVP कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में कुलपति से मिलने के लिए जाने पर उन्हें मुलाकात का समय नहीं दिया जाता है। इसी बीच कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि कुलपति अपने आवास पर विश्वविद्यालय कर्मियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके बाद ABVP के कार्यकर्ता कुलपति आवास पहुंच गए।

आरोप है कि कार्यकर्ताओं को कुलपति आवास में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ता अंदर पहुंचे और कुलपति के सामने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने छात्रावासों की स्थिति सुधारने, बाढ़ की समस्या से राहत दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।

5 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

ABVP ने कुलपति को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने कहा कि निर्धारित समय में छात्रावास से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

इधर, ABVP कार्यकर्ताओं के कुलपति आवास पहुंचने की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी गई। मौके पर ABVP की ओर से कुणाल पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। मामले में ABVP की ओर से लगाए गए आरोपों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह

Share This Article