नेपाल में भूस्खलन को लेकर अलर्ट, गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा; प्रशासन हाई अलर्ट पर

Shreya Raj
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ की आशंका, प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की।

NEWS PR डेस्क : बगहा: नेपाल में भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी होने के बाद पश्चिम चंपारण के बगहा में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि और बाढ़ की आशंका को देखते हुए निचले इलाकों और दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर हाई अलर्ट

नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए आपदा की आशंका को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बताया जा रहा है कि चीन में बांध टूटने के कारण नारायणी-गंडक नदी में अत्यधिक मात्रा में पानी डिस्चार्ज होने की आशंका है। इसके चलते गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर 24 घंटे निगरानी

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पर 24 घंटे अभियंताओं की टीम तैनात रहकर मॉनिटरिंग कर रही है। प्रशासन नदी के जलस्तर और पानी के डिस्चार्ज पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सतर्क और सजग रहने की अपील की गई है। खासकर गंडक नदी के किनारे और दियारा के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

निचले इलाकों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों के लोगों से जल्द से जल्द ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इसके लिए बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।

विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने भी किया सतर्क

वहीं, वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने भी गंडक नदी के किनारे और दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोग किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए जल्द से जल्द ऊंचे स्थानों पर पहुंचें।

नेपाल के त्रिशूल नदी क्षेत्र में भूस्खलन और नारायणी-गंडक में संभावित अत्यधिक जल डिस्चार्ज को देखते हुए प्रशासन आपदा से निपटने के लिए तैयार है। फिलहाल लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी जारी है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article