झाझा में स्वास्थ्य मंत्री निशांत के काफिले में हादसा, दो वाहन आपस में टकराए

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :जमुई: बिहार के जमुई जिले के झाझा में रविवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत के काफिले में शामिल दो वाहन आपस में टकरा गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब निशांत न्यू बोड़वा बस स्टैंड परिसर में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होने जा रहे थे। राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

काफिले में टकराए दो वाहन
जानकारी के अनुसार, निशांत का काफिला कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल दो वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी को गंभीर चोट नहीं आई। निशांत की गाड़ी काफिले में आगे चल रही थी, जिसके कारण वह हादसे की चपेट में आने से बच गई। दुर्घटना के बाद काफिले को आगे रवाना कर दिया गया और स्वास्थ्य मंत्री निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मौके पर पहुंच गए।
सरदार पटेल की प्रतिमा का हुआ अनावरण
निशांत रविवार, 16 अगस्त को झाझा पहुंचे थे। न्यू बोड़वा बस स्टैंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम को लेकर जेडीयू कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य मंत्री के झाझा पहुंचने पर जेडीयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत के दौरान JCB मशीन के जरिए फूलों की बारिश कराई गई। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Share This Article