पाटलिपुत्र पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि, CM सम्राट चौधरी ने किया माल्यार्पण

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पटना: राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए समर्पित पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को पटना में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल शैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन और देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया। समारोह के दौरान परिसर में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र पार्क पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और अंत्योदय के प्रति अटल जी की प्रतिबद्धता हमेशा देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को भारतीय राजनीति की अमूल्य विरासत बताया।
कई प्रमुख नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
राजकीय समारोह में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, राम कृपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।
दिल्ली में भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थित उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रति उनके योगदान को नमन किया और कहा कि उनके विचार और कार्य आज भी कई पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं।
तीन बार संभाली प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी
अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के उन प्रमुख नेताओं में रहे, जिन्होंने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व( भाषण देने की कला, वाग्मिता), राजनीतिक कुशलता और संवेदनशील व्यक्तित्व से अलग पहचान बनाई। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। 16 अगस्त 2018 को 93 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स में उनका निधन हुआ था। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है और उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया जा रहा है।

Share This Article